कोटा में बाल सुधार गृह के सुरक्षा गार्ड की लापरवाही से 9 बाल अपचारी फरार हो गए। इन पर पॉक्सो एक्ट, लूट और मारपीट जैसे मामले दर्ज हैं। जानकारी के अनुसार, सभी ने भागने की योजना पहले से बना रखी थी। रविवार सुबह 4 बजे सभी फ्रेश होने का बहाना बनाकर उठे थे। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने बिना सोचे-समझे उन्हें अंदर के ताले की चाबी दे दी। नाबालिगों ने इस लापरवाही का फायदा उठाया। अंदर के दरवाजे खोले और सुधार गृह के बीच चौक से छज्जे पर चढ़ गए। छत पर लगी लोहे की जाली को आरी से काटा। कपड़ों की मदद से सरियों को मोड़ दिया। इसके बाद एक-एक करके सभी अपचारी छत के रास्ते से बाहर निकल गए। इससे पहले, 2 जनवरी को इसी सुधार गृह से 2 बाल अपचारी भाग गए थे। लोहे की जाली को काटकर भागे आरके पुरम थाना के सीआई रामविलास ने बताया- बाल सुधार गृह की ओर से शिकायत मिली है। शिकायत में बताया कि 9 बाल अपचारी छत पर लगी लोहे की जाली को काटकर फरार हुए हैं। पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार नाबालिगों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। पहले भागे 2 बाल अपचारी भी शामिल सीआई रामविलास ने बताया- इससे पहले 2 जनवरी को भी इसी बाल संप्रेषण गृह से 2 नाबालिग फरार हुए थे। बाद में आरके पुरम थाना पुलिस ने पकड़ कर वापस संप्रेषण गृह भेज दिया था। बताया गया है कि ये दो नाबालिग इस बार भी फरार होने वाले बाल अपचारियों में शामिल हैं।


