डूंगरपुर साइबर थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन साइबर हंट’ के तहत एक शातिर साइबर ठग को बाड़मेर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर 50 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी की वारदातों को अंजाम दिया था। वह महिलाओं की आवाज निकालकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। एसपी मनीष कुमार ने बताया कि साइबर ठगी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए ‘ऑपरेशन साइबर हंट’ चलाया जा रहा है। पीड़ित ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि आरोपी ‘आरती मीणा’ नाम की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजता था। वह खुद को लड़की बताकर उनसे बात करता और फिर महिला की आवाज में अश्लील बातें कर उन्हें झांसे में लेता था। ठगी के पैसों से मौज-शौक करता था
इसी तरह आरोपी ने एक पीड़ित से 23.50 लाख रुपए की ठगी की थी। जांच के बाद पुलिस ने कपिल देव मेघवाल उर्फ बाबू मेघवाल (37) पुत्र ठाकराराम मेघवाल निवासी आंबेडकर कॉलोनी, थाना कोतवाली, बाड़मेर को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ कुल 3 मामले दर्ज हैं और उसने फर्जी फेसबुक आईडी के जरिए कुल 50 लाख रुपए की ठगी की है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ठगी के पैसों से मौज-शौक करता था। वह अफीम का दूध और एमडी जैसे नशीले पदार्थों का सेवन भी करता था। ठगी के पैसों से उसने एक कार भी खरीदी थी और लोगों पर धौंस जमाता था।


