सिरोही के अजीत विहार में जिला प्रशासन, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जयपुर और जैन रिलीफ सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दूसरे दिन बड़ी संख्या में जरूरतमंद दिव्यांग पहुंचे। शिविर में फुट, कैलिपर, कृत्रिम हाथ-पैर, तिपहिया साइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, वृद्धजनों के लिए कान की मशीनें और छड़ी जैसे उपकरण निःशुल्क वितरित किए जा रहे हैं। समाजसेवी जय विक्रम हरण ने बताया कि शिरीष हरण, आशुतोष पटनी, भरत सिंघवी, सुरेश जैन, आदित्य पटनी, जयंतीलाल जैन, विजय जैन और विक्रम सिंह यादव सहित कई सदस्य अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के स्टाफ ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति जोधपुर से भंवर कंवर, मनीष यादव, दीपक सघवी, हरीश कुमार, गोपाल सिंह राव और जैन रिलीफ सोसायटी सिरोही का योगदान भी उल्लेखनीय रहा। जिले के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में दिव्यांगजन इस शिविर का लाभ उठाने पहुंचे। समाजसेवी गोपाल सिंह राव ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे जरूरतमंद दिव्यांगों को इस शिविर का लाभ दिलाने में सहयोग करें। उन्होंने बताया कि शिविर का अंतिम दिन भी अवसर है, अतः सभी लाभार्थी शीघ्र पहुंचें। शिविर में 200 तिपहिया साइकिल, 100 व्हीलचेयर, कान की मशीनें, कृत्रिम अंग और अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध हैं।


