बैंड-बाजों के साथ आज निकलेगी साईं बाबा की पालकी:5 किलोमीटर की होगी यात्रा, जगह-जगह की जाएगी फूलों की वर्षा

जयपुर शहर में रविवार को साईं बाबा की पालकी यात्रा निकाली जाएगी। बैंड-बाजों के साथ निकलने वाली इस पालकी यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे और बाबा के भजनों पर नाचते-गाते नगर भ्रमण करेंगे। पालकी यात्रा बापू नगर स्थित मोती पार्क के पास साईं बाबा मंदिर प्रांगण से शाम को रवाना होगी और आसपास के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान जगह-जगह पुष्प वर्षा की जाएगी और श्रद्धालु दीपों से आरती करेंगे। यह आयोजन श्री साईं धाम के 20वें स्थापना दिवस के अवसर पर दो दिन तक आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम संयोजक श्वेता शर्मा ने बताया कि रविवार सुबह 5 बजे काकड़ आरती और मंगल स्नान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद सुबह 9 बजे हवन का आयोजन किया गया। दोपहर में मध्यान्ह आरती हुई और भजन संध्या का आयोजन किया गया। शाम 5 बजे धूप आरती के बाद शाम 6 बजे साईं बाबा की 5 किमी की पालकी यात्रा निकाली जाएगी। पालकी यात्रा में हाथी, घोड़े और ऊंट के लवाजमे भी शामिल रहेंगे, जो पूरे नगर भ्रमण का आकर्षण रहेंगे। रात 10 बजे शयन आरती के साथ पहले दिन के कार्यक्रम का समापन होगा। कार्यक्रम के दूसरे दिन सोमवार को साईं बाबा मंदिर प्रांगण में भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शहरभर से आने वाले हजारों श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे। आयोजन को लेकर शनिवार को पोस्टर विमोचन किया गया था। इस दौरान श्वेता शर्मा, प्रिया यादव, सुधा, शर्मिला, अनीता, आरती, पायल, सविता और पूजा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *