विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए नियम 2026 के विरोध में सवर्ण समाज के आह्वान पर रविवार को मेहंदीपुर बालाजी कस्बा पूरी तरह बंद रहा। यहां सुबह से ही दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे, जिससे श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। सवर्ण समाज संघर्ष समिति के बैनर तले प्रदर्शनकारी मुख्य बाजार में एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए यूजीसी के नए नियमों को तत्काल निरस्त करने या उन पर रोक लगाने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ये नियम सामान्य वर्ग के मेधावी छात्रों के खिलाफ भेदभावपूर्ण हैं और इनके दुरुपयोग की आशंका है। विरोध जता रहे लोगों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया और केन्द्र सरकार का पुतला फूंककर नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। इस दौरान बाजार बंद रहने से श्रद्धालुओं को भारी परेशानी हुई, जिन्हें प्रसाद सहित खाने-पीने की सामान के लिए भटकना पड़ा।


