सुदर्शन इलेवन को परास्त कर कान्हा इलेवन ने जीता खिताब

भास्कर न्यूज | राजनांदगांव यादव समाज द्वारा प्रथम बार आयोजित यादव प्रीमियर लीग का खिताब कान्हा इलेवन ने जीत लिया है। फाइनल मुकाबला कान्हा इलेवन व सुदर्शन इलेवन के बीच खेला गया। जिसमें कान्हा इलेवन ने आकर्षक खेल दिखाते हुए 7 विकेट से बड़ी जीत दर्ज की। लीग के फाइनल मुकाबले में पहले खेलते हुए सुदर्शन इलेवन की टीम कसी हुई गेंदबाजी के चलते 8 ओवर में 7 विकेट खोकर 47 रन ही बना सकी। टीम की ओर केवल सुमेन्द्र यादव (17) और गोविंद यादव (12) ही कुछ संघर्ष कर सके अन्य बल्लेबाज दहाई का अंकड़ा भी नहीं छू सके। 48 रन की विजय लक्ष्य का पीछा करते हुए कान्हा इलेवन के नीरज यादव के नाबाद 24 रन तथा कप्तान जीतू यादव के 9 रनों की सहायता से केवल 3 विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया और इस प्रकार कान्हा इलेवन पहले यादव प्रीमियर लीग की चैंपियन बन गई। कप्तान जीतू यादव इस मैच के मैन ऑफ द मैच रहे। महापौर ने विजयी टीम को किया पुस्कृत फाइनल मैच के बाद समापन समारोह हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि महापौर मधुसूदन यादव ने विजेता टीम कान्हा इलेवन को 71000 रुपए नकद और ट्रॉफी व उपविजेता सुदर्शन इलेवन को 41000 रुपए नकद और ट्रॉफी प्रदान की। प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, बेस्ट बॉलर और बेस्ट बैट्समैन के पुरस्कार भी दिए गए। महापौर यादव ने आयोजन के लिए समिति के सदस्यों को लगातार खेल गतिविधियों से जुड़े रहने और प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करने की बात कही। टीम स्पांसर्स व वरिष्ठों का भी हुआ सम्मान कार्यक्रम में यादव प्रीमियर लीग के सूत्रधार राकेश यादव, रात्रिकालीन क्रिकेट की शुरुआत करने वाले टीएच इलेवन के संस्थापक कप्तान पूनाराम यादव, पोषण यादव व रितेश देवांगन के अलावा यादव समाज के वरिष्ठ जन तथा प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों के स्पॉन्सर को भी सम्मानित किया गया। समापन समारोह के दौरान आतिशबाजी भी की गई। फाइनल मैच में अंपायरिंग करने वाले डांसिंग अंपायर रवि रंगीला ने अंपायरिंग के साथ-साथ मैदान के अंदर नृत्य कला का प्रदर्शन किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *