बैडिंग क्वीन से फेमस, फिल्म अभिनेत्री सीमा विश्वास रविवार को कोटा पहुंची। कोटा में चल रहे इंटरनेशनल फिल्म फेस्टीवल में भाग लेने के लिए वह कोटा आईं थी। सीमा बैडिंट क्वीन, विवाह, जॉली एलएलबी 2, बिंदिया के बाहुबली समेत कई फिल्मों और औटीटी वेब सीरीज में काम कर चुकी हैं। हाल में ही उनकी सीरिज बिदिंया के बाहुबली 2 ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई है। कोटा पहुंचने पर दैनिक भास्कर से उन्होंने बात की। उन्होंने कहा कि राजस्थान देश में काफी खूबसूरत डेस्टिनेशन है। वहीं उन्होंने ओटीटी प्लेटफॉर्म की सेंसरशिप, अपकमिंग प्रोजेक्ट को लेकर भी चर्चा की। सवाल- कोटा आए हैं, क्या कोटा घूमे या कोई प्लान है, क्योंकि यहां कई फिल्मों की शूटिंग हुई है और अच्छी लोकेशनस हैं
सीमा- ये तो मालूम है कि राजस्थान बहुत खूबसूरत है, पूरे देश में अपने आप में बहुत अच्छी जगह है। कोटा में पहली बार आना हुआ है लेकिन इस बार घूमना नहीं हो सकेगा। अभी तबियत खराब है और आगे कई कमिटमेंटस है जहां निकलना है लेकिन ये जरूर है कि जल्द कोटा वापस आएंगे और यहां की लोकेशन भी देखेंगे। सवाल- ओटीटी की वजह से क्या बडे़ पर्दे और टीवी सीरियल का क्रेज कम हुआ है, आपको क्या लगता है
सीमा- देखिए तुलनात्मक रूप से कम तो हुआ है। पहले ओटीटी के प्लस पॉइंट की बात करें तो इसकी वजह से अच्छे अच्छे कलाकर सामने आए हैं, उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है। कई कैरेक्टर वैरायटी आई है, अच्छी स्टोरीज देखने को मिलती है। लेकिन माइनस प्वाइंट की बात करें तो लोगों को लगता है कि कोई फिल्म रिलीज हुई कुछ दिन बाद ओटीटी पर आ जाएगी, ऑडियंस को थियेटर जाने में आलस आने लगा है। लेकिन देखिए फीचर फिल्म की खूबसूरती बडे़ पर्दे पर ही नजर आती है,बिग स्क्रीन की बात अलग होती है सिनेमा की ब्यूटी देखने को मिलती है। सवाल- ओटीटी में कोई सेंसरशिप नहीं है, गाली और कई ऐसी चीजे हैं कि कई शो- सीरिज फैमिली के साथ नहीं देख सकते
सीमा- देखिए मैं तो सिलेक्टिव सीरिज की तरफ ही जाती हूं। मुझे जहां तक लगता है तीन चार पहले जरूर लिमिट क्रॉस हो गया था ओटीटी पर, लिबर्टी बहुत ले लिया था वह एथिकली अच्छा नहीं लगता था। लेकिन सभी सीरीज को जनरलाईज नहीं कर सकते हैं। अच्छी अच्छी स्टोरी अभी आ रही है। पंचायत, फैमिली मेन, गुल्लक जैसी सीरिज है जो परिवार को पसंद आती है। ऐसे में सबको एक ही जैसा नहीं मान सकते। सवाल- हाल ही रिलीज हुई बिदिंया के बाहुबली का तीसरा पार्ट आएगा? क्या एक्टर्स का वहीं भौकाल देखने को मिलेगा
सीमा- अभी तो यह ही चल रहा है, देखते हैं कि क्या रियेक्शन जनता के आते है, अभी कल ही डायरेक्टर से बात हुई थी, जयपुर में कोई प्रोग्राम था, वहां मिलना था लेकिन तबियत खराब होने की वजह से जा नहीं सके। सवाल- अभी अपकमिंग प्रोजेक्स कौनसे हैं
सीमा- बंगाली में दो फिल्में अभी पूरी हुई है। हिंदी में दो फिल्म है जो गोवा फिल्म फेस्टीवल में भी दिखाई गई है। और भी प्रोजेक्टस है जो चल रहे हैं।


