ओडिशा के बड़बिल स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुए बहुचर्चित लूटकांड का मास्टरमाइंड सीपु कुमार पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। यह मुठभेड़ झारखंड के चाईबासा जिले के नोवामुंडी क्षेत्र अंतर्गत टांकुरा गांव के पास जंगल में हुई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने सोने की बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए क्योंझर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बैंक से लूटे गए थे 5 करोड़ के गहने और 8 लाख नकद गौरतलब है कि पिछले महीने ओडिशा के बड़बिल में बैंक ऑफ महाराष्ट्र में दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया था। लुटेरे बैंक से करीब पांच करोड़ रुपये मूल्य का सोना और आठ लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे। इस सनसनीखेज वारदात के बाद ओडिशा और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी कड़ी में धनबाद से दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ के दौरान मास्टरमाइंड सीपु कुमार का नाम सामने आया था, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही थी। जंगल में छिपाया था लूटा गया सोना पुलिस के अनुसार, सीपु कुमार को बिहार के पीपारा इलाके से गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे बड़बिल लाया जा रहा था। पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया कि लूट के दौरान हासिल किया गया सोना चाईबासा के जंगल क्षेत्र में छिपाकर रखा गया है। इसके बाद पुलिस टीम उसे लेकर टांकुरा गांव के पास जंगल में सोने की बरामदगी के लिए पहुंची। इसी दौरान मौका पाकर आरोपी ने छुपाई गई बंदूक निकाल ली और पुलिस पर दो राउंड फायरिंग कर दी। हालात को भांपते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। नेटवर्क खंगालने में लगी टीम घटना के बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस का कहना है कि लूटकांड में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे गिरोह के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, घायल आरोपी के ठीक होने के बाद उससे फिर से गहन पूछताछ की जाएगी, जिससे लूटे गए सोने की पूरी बरामदगी और अन्य सहयोगियों की जानकारी मिल सके। पुलिस का दावा है कि बड़बिल बैंक लूटकांड के सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


