चूरू के सरदारशहर में बोलेरो पिकअप और कार की टक्कर में पति-पत्नी और बेटे की मौत हो गई। कार सवार लोग पीबीएम अस्पताल में इलाज करवाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सरदारशहर से लूणकरणसर जाने वाली मुख्य सड़क पर मीतासर के पास शाम करीब 5 बजे हादसा हो गया। पत्नी को थी सांस लेने की दिक्कत, बीकानेर इलाज के लिए गए थे सरदारशहर थानाधिकारी मदनलाल बिश्नोई ने बताया-सरदारशहर के वार्ड 15 के रहने वाले खेताराम प्रजापत (55) आज सुबह अपनी पत्नी कल्यु देवी (50) के सांस लेने में दिक्कत होने पर बेटे संजय प्रजापत को लेकर कार से बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में इलाज करवाने गए थे। अस्पताल में इलाज करवाने के बाद शाम को भारतमाला मार्ग से वापस सरदारशहर लौट रहे थे। इसी दौरान सरदारशहर से लूणकरणसर जाने वाली मुख्य सड़क पर मीतासर के पास इनकी गाड़ी को बोलेरो पिकअप जिसने बोरवेल से मोटर निकालने का ढांचा लगा रखा था, उससे कार की टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार सवार तीनों लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप पर लगा ढांचा उखड़कर अलग हो गया। वहीं चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को सरदारशहर उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवा दिया है। पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए है। पट्टी व्यवसायी था खेताराम खेताराम प्रजापत सरदारशहर क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित व्यापारी थे। खेताराम 5 भाईयों में तीसरे नंबर का था। वे सरदारशहर में पांच भाई चौक पर पट्टी का बड़ा व्यवसाय चलाते थे। संजय के अलावा खेताराम के एक छोटा बेटा और दो बेटियां है। संजय की भी शादी हो चुकी है। उसके एक बेटा और एक बेटी है। बेटे संजय ने गाड़ी ठीक करने की वर्कशॉप खोल रखी थी। घटना की सूचना मिलते ही सरदारशहर अस्पताल में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।


