माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर की ओर से आयोजित जिला स्तरीय विद्यार्थी बौद्धिक एवं सृजनात्मक कौशल अभिवृद्धि प्रतियोगिताएं गंगा बाल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को हुई। प्रतियोगिता विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए मंच देने के उद्देश्य से प्रति वर्ष आयोजित होती है। प्रतियोगिता में बीकानेर जिले के सभी 9 ब्लॉक से प्रथम, द्वितीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों ने जिले स्तर पर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता संयोजक सीताराम बिश्नोई ने बताया कि पांच प्रकार की प्रतियोगिता हुई, जिसमें क्विज में जगदीश नोखडा आशुभाषण में लक्ष्मी भाटी, चित्रकला में कुसुम प्रजापत एकल गायन में वेदप्रकाश और निबंध में मनु कंवर प्रथम रहे। विजेता छात्रों को बोर्ड द्वारा छात्रवृत्ति दी जाएगी। सभी विजेता विद्यार्थी राज्य स्तर पर जिला का प्रतिनिधत्व करेंगे। प्रतियोगिता में पुरस्कार वितरण उप निदेशक डॉक्टर रामगोपाल शर्मा, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश गोदारा प्राचार्य ज्योति स्वामी और जिला आब्जर्वर कमल कांत स्वामी ने किया।


