जयपुर | जगतपुरा महल रोड स्थित श्रीकृष्ण बलराम मंदिर के गुप्त वृन्दावन धाम में साल का पहला महाआयोजन होने जा रहा है। यहां पर सोमवार को प्रभु नित्यानंद का प्राकट्य उत्सव मनाया जाएगा। उत्सव की तैयारियां शुरू हो गई है, जिसमें नित्यानंद त्रयोदशी मनाई जाएगी। गौड़ीय वैष्णव संप्रदाय में माघ मास की त्रयोदशी को श्रील नित्यानंद महाप्रभु (जो श्री बलराम अवतार हैं) के आविर्भाव दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर श्री कृष्ण बलराम का विशेष फूलों से शृंगार किया जाएगा। इस दौरान गुप्त वृन्दावन धाम में गुलाब, ऑर्किड, कारनेशन, मधुकाम्नी, जाफरी, कनेर, मोगरा, डेजी, देहलिया के फूलों की झांकी सजाई जाएगी। साथ ही शाम के समय श्री गौर निताई की विशेष पालकी निकाली जाएगी। वृन्दावन गार्डन में श्री गौर निताई के विग्रह का पंचगव्य, 21 प्रकार के फलों के रस, औषधियों एवं पुष्पों से महाभिषेक किया जाएगा।


