भास्कर न्यूज | सिमडेगा उपायुक्त अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य पालन सहकारिता विभाग आत्मा विभाग पौधा संरक्षण विभाग की समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया। उपायुक्त ने जिला सहकारिता विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कैम्पस से रबी बीज उठाव एवं वितरण, उर्वरक उठाव एवं वितरण, झारखंड राज्य फसल राहत योजना खरीफ 2022 का भुगतान पर चर्चा की। उपायुक्त ने बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत लाभुकों का वेरिफिकेशन संबंधित आवश्यक निर्देश दिए। मत्स्य विभाग की समीक्षा में मत्स्य उत्पादन, वेद-व्यास आवास निर्माण, तालाब तथा जलाशय मत्स्य का विकास एवं जीर्णोद्धार, मत्स्य बीज उत्पादन, केज हाउस अधिष्ठापन एवं प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना की कार्य प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उपायुक्त ने पशुपालन विभाग अंतर्गत मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना, जोड़ा बैल वितरण सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उन्होंने जिले में दुग्ध उत्पादन को बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों को पहुंचाने की बात कहीं। उन्होंने 90 प्रतिशत, 75 प्रतिशत एवं 50 प्रतिशत अनुदान पर लाभुकों का चयन कर गाय उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। कृषि एवं आत्मा विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने जिले में हॉर्टिकल्चर को बढ़ावा देने का निर्देश दिया। जिला कृषि पदाधिकारी मुनेंद्र दास, जिला सहकारिता पदाधिकारी आत्म अभय टोप्पो, जिला मत्स्य पदाधिकारी सीमा टोप्पो, जिला पशुपालन पदाधिकारी अरुण राम, परियोजना निदेशक आत्मा कृष्ण बिहारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।


