लोहरदगा | लोहरदगा में सड़क जाम की समस्या से लोगों को निजात नहीं मिल रहा है। प्रत्येक दिन शहरी क्षेत्र के विभिन्न चौक चौराहों पर घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है। जिससे राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। शहरी क्षेत्र के बरवा टोली चौक, वीर शिवाजी चौक, सुभाष चौक, न्यू रोड, रेलवे साइडिंग, महावीर चौक सहित अन्य चौक-चौराहों पर जाम की समस्या बनी रहती है। राहगीरों में जहांगीर, विवेक, मनीष, असलम, अजिमुद्दीन आदि का कहना है कि सड़क जाम की समस्या लोहरदगा की सबसे बड़ी समस्या है। जिससे अब तक लोगों को निजात नहीं मिल पाया है। शहर के मुख्य मार्गों में बड़े वाहनों की तेज गति के कारण कई परिवार के सदस्य अपनी जान गंवा चुके हैं, परंतु बाईपास सड़क को लेकर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। कैरो | प्रखंड भाजपा अध्यक्ष राजेन्द्र महतो की अध्यक्षता एवं जिला उपाध्यक्ष अनिल उरांव व भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में शुक्रवार को बैठक हुई। बैठक में संगठन के महापर्व को संपन्न किए जाने, एप डाउन लोड कर अधिक-से-अधिक सक्रिय सदस्य प्रखंड से बनाये जाने एवं सांगठनिक अन्य बिंदुओं पर बैठक में चर्चा की गई। वहीं पंचायत संगठन चुनाव अधिकारियों का मनोनयन भी किया गया। जिसमें गुड़ी बजरंग उरांव, नरौली से शिवचरण तुरी, मणींद्र शाह पंचायत चुनाव अधिकारी के रूप में मनोनयन किया गया है। लोहरदगा| लोहरदगा लोकसभा के सांसद के निजी सहायक सह कांग्रेस नेता आलोक कुमार साहू शुक्रवार को सदर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बंजार किस्को पहुंचकर स्कूल का जायजा लिया। स्कूल के प्रधानाध्यापक विकास कुजूर ने बताया कि अभी वर्तमान में 101 बच्चे एवं तीन शिक्षक हैं। अभी मात्र तीन कमरा में पढ़ाई होता है। तीन वर्ग के बच्चे को एक साथ पढ़ाते हैं। कमरा की कमी है। शौचालय नहीं है एवं स्कूल में स्थित चापाकल भी खराब हो गया है। मौके पर आलोक साहू ने कहा कि कुछ माह पूर्व इस गांव के ग्रामीण सांसद की पास आकर स्कूल में कमरा एवं शौचालय निर्माण की मांग किए थे। साहू ने कहा कि सांसद के प्रयास से जल्द ही इस स्कूल में दो कमरा एवं शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। कार्यपालक अभियंता पीएचईडी से वार्ता कर शीघ्र चापानल मरम्मती करने का अपील साहू ने किया। साहू ने कहा कि सांसद क्षेत्र की समस्याओं के निदान करने के लिए कटिबद्ध है और इसके लिए वे सकारात्मक पहल कर रहे हैं। कुरडेग | प्रखंड सभागार में बीडीओ नैमन कुजूर की अध्यक्षता में मासिक गुरु गोष्ठी का आयोजन किया गया। गुरुगोष्ठी में स्कूलों में चल रही गति विधियों की समीक्षा प्रत्येक स्कूल बार की गई। विषयों की चर्चा करते बीपीओ जया रश्मि कुमारी ने सभी विद्यालय के प्रधान पाठकों को मध्याह्न भोजन, शिशु पंजी सर्वे, एनआईएलपी सर्वे एवं वैसे बच्चे जिनका जाति प्रमाण पत्र तथा अपार आईडी आदि एवं सावित्री बाई फुले योजना में छूटे हुए छात्र छात्रों को जल्द पंजीकरण कराने को कहा गया। बैठक में प्रखण्ड विकास पदाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन मीनू के अनुसार दे और गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा दें। उन्होंने कहा कि गरीब असहाय वैसे बच्ची एकल परिवार, आदिम जनजाति, छितिज, ट्रैफिकिंग के शिकार बालिका तथा माता पिता नहीं रहे वैसे बच्चों को कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में नामांकन कराए। नामांकन के लिए क्लास 6,7,8,9 और 11 में आवेदन के लिए कस्तूरबा स्कूल से फार्म लेकर नामांकन कराए। बैठक में बीपीओ “बीआरपी, सीआरपी एवं सभी विद्यालय शिक्षक शिक्षिका मौजूद थे। सिमडेगा | अंजुमन इस्लामिया इस्लामपुर का चुनाव शुक्रवार को शांतिपूर्ण वातावरण में हुआ। सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक होने वाले वोटिंग प्रकिया में शाम 5 बजे तक 540 में से 338 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। समाचार लिखे जाने तक लोगों के द्वारा वोट देने का सिलसिला जारी था। बताया गया कि तीन पदों के लिए हो रहे चुनाव में सात प्रत्याशी मैदान में हैं। सदर पद के मो. शौकत अली, नौशाद आलम, वसीउद्दीन अशरफ, सेक्रेट्री पद के लिए इम्तियाज खान, अकील अख्तर और खजांची पद के लिए अय्यूब अंसारी और वसीम अकरम मैदान में हैं। चुनाव को लेकर मोहल्ले में काफी गहमा गहमी रही। चुनाव अधिकारी डॉ. इम्तियाज ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण वातावरण में चल रहा है। निष्पक्षता से चुनाव कराने के लिए कमेटी के लिए खास तैयारी की गई थी। चुनाव को लेकर लोगों का सहयोग भी चुनाव कमेटी को मिला। चुनाव संपन्न कराने में वाशिम अंसारी, तौहीद, वाशिम खान, जुनैद आलम, मो. राशिद, नईम, मकबूल, जैद सहित कई लोगों का योगदान रहा।


