गढ़वा|जिले के भंडरिया प्रखंड के बिजका गांव के आदिवासी समाज के 45 कार्डधारियों को राशन नहीं मिलने के मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गढ़वा डीसी को अविलंब राशन मुहैया कराने का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया है कि यह मामला बिलकुल बर्दाश्त का काबिल नहीं है, तत्काल पहल करते हुए ग्रामीणों को हक दिलाएं। लाभुकों को जनवरी 2024 से जनवरी 2025 तक राशन नहीं मिला है। विदित हो कि लाभुकों ने मुख्यमंत्री से राशन नहीं मिलने की शिकायत की थी, वे बायोमीट्रिक तरीके से राशन उठाव करने का विरोध कर रहे हैं। नियमानुसार अब ऑफलाइन राशन का वितरण नहीं किया जाता है। इस वजह से उनका आवंटन नहीं बन पा रहा है। मुख्यमंत्री के ट्यूट के बाद उपायुक्त शेखर जमुआर ने इस स्थिति से खाद्य सार्वजनिक वितरण व उपभोक्ता मामले विभाग रांची के सचिव को अवगत कराया है। इसमें उन्होंने कहा है कि इस मामले की जांच की गई है। बिजका गांव में 248 कार्डधारियों में से 203 कार्डधारियों द्वारा ई पॉश मशीन में बायोमीट्रिक सत्यापन कर नियमित रूप से प्रत्येक माह खाद्यान्न का उठाव किया जा रहा है। शेष 45 कार्डधारियों द्वारा बायोमीट्रिक सत्यापन नहीं कराया जा रहा है। साथ ही 38 शिकायतकर्ताओं की ओर से दिए गए डीलर परिवर्तन के आवेदन पर कारवाई करते डीलर भी परिवर्तन कर दिया गया है।


