शुक्रवार को फिरोजपुर मंडल के मुख्य रेलवे स्टेशनों पर क्यूआर कोड के माध्यम से डिजिटल भुगतान और यूटीएस ऑन मोबाइल एप से टिकट लेने के लिए विशेष ड्राइव चलाया गया। रेलयात्रियों को जागरूक किया गया कि वे आरक्षित और अनारक्षित टिकट काउंटरों पर लगे क्यूआर कोड डिस्प्ले मशीन से सरल तरीके से डिजिटल भुगतान कर टिकट ले सकते हैं। साथ ही यात्रियों को यूटीएस ऑन मोबाइल एप से अनारक्षित यात्रा टिकट, प्लेटफार्म टिकट, मासिक सीजन टिकट खरीदने के लिए जागरूक किया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि यात्री डिजिटलीकरण का उपयोग कर सरल तरीके से भुगतान कर अपनी यात्रा टिकट ले सकते हैं। टिकट काउंटरों पर टिकट लेने के लिए यात्रियों को खुले पैसे की परेशानी से निजात मिलेगी। वे क्यूआर कोड के जरिए डिजिटल पेमेंट कर आसानी से टिकट ले सकते हैं। क्यूआर कोड डिवाइस के माध्यम से कैश का ट्रांजेक्शन सरल, सुरक्षित और पारदर्शी है। ऐसे में यात्रियों को लाइनों में नहीं लगना पड़ेगा, जिससे समय की बचत होगी। यह ड्राइव अमृतसर, लुधियाना, जालंधर सिटी, जालंधर कैंट, फिरोजपुर कैंट, ब्यास, फाजिल्का, फरीदकोट, फगवाड़ा, फिल्लौर, कपूरथला, मोगा सहित अन्य रेलवे स्टेशनों पर चलाया गया। उन्होंने बताया कि क्यूआर कोड तकनीक से केशलैस ट्रांजेक्शन की सुविधा को बढ़ाया दिया जा रहा है।


