भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा शहर के विजयसिंह पथिकनगर में शुक्रवार को हुए एक विवाह समारोह में अनूठी पहल की गई। आशीर्वाद समारोह से पहले स्नेहभोज की पहली पंगत में घूमंतू परिवारों के 135 बच्चों को भोजन करवाया गया। इसके बाद विद्या भारती से जुड़े पूर्व छात्र परिषद की ओर से मेवाड़-वागड़ के वनवासी क्षेत्र में रहने वाले 3000 बच्चों की शिक्षा के लिए 3 लाख 50 हजार रुपए का चेक भी दिया गया। व्यास और जोशी परिवार की शादी में शुक्रवार शाम हुए आशीर्वाद समारोह के दौरान समाज की मुख्य धारा से दूर आसपास के घूमंतू परिवारों के 135 बच्चों को सम्मान सहित पहली पंगत में बिठाकर भोजन करवाया गया। इस दौरान इन बच्चों के चेहरे पर खुशी देखने लायक थी। इसके साथ ही गौ पूजन के तहत गोवंश की पूजा-अर्चना कर उन्हें प्रसादी खिलाई गई। विजयसिंह पथिकनगर में अग्रवाल भवन के पास स्थित पाराशर ग्राउंड में नवीन जोशी की पुत्री दिव्या का विवाह सोमेश, धर्मेश और कर्मेश व्यास के परिवार में अखिलेश से हुआ। कर्मेश व्यास विद्या भारती के पूर्व छात्र परिषद संगठन से जुड़े हैं। उनकी पहल पर ये अनूठा कार्यक्रम किया गया। विवाह में प्लास्टिक के डिस्पोजल की जगह इको फ्रेंडली पत्तल-दोनों का उपयोग किया गया और अतिथियों को आदर सहित बैठाकर भोजन कराया गया। समारोह में विद्या भारती के पूर्व छात्र परिषद संगठन से जुड़े कर्मेश व्यास और मित्र मंडल की ओर से विद्या भारती के राजस्थान क्षेत्रीय सहसंगठन मंत्री गोविंद कुमार को 3 लाख 50 हजार रुपए का चैक भेंट किया गया। ये राशि मेवाड़-वागड़ के उदयपुर, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर और सिरोही जिलों में संचालित एकल विद्यालय योजना में पढ़ रहे वनवासी परिवारों के 3000 से ज्यादा बच्चों की शिक्षा पर खर्च होगी। गोविंद कुमार ने कहा कि ऐसे विवाह समाज में सभी के लिए प्रेरणा स्त्रोत हैं। शुभ प्रसंगों पर सामाजिक सेवा कार्यों में सहयोग की भावना सभी में होनी चाहिए। इस दौरान मित्र मंडल ने संकल्प लिया कि उनके परिवार में होने वाली आगामी शादियों में पहली पंगत में घूमंतू परिवारों के बच्चों को भोजन करवाने के साथ ही वनवासी और घूमंतू परिवारों के बच्चों को शिक्षा के लिए गोद लेने की प्रक्रिया की जाएगी।


