भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा धौलपुर जिले में परिवहन विभाग के निरीक्षक को थाने में बैठाने और मारपीट के मामले में हड़ताल शुक्रवार को भी जारी रही। भीलवाड़ा परिवहन विभाग सहित प्रदेशभर परिवहन निरीक्षक हड़ताल पर रहे। अब शुक्रवार से प्रदेशभर के आरटीओ, डीटीओ, एआरटीओ के साथ मंत्रालयिक कर्मचारी भी इसमें शामिल हो गए। इससे वाहनों की आरसी ट्रांसफर, ऑनलाइन चालान जमा करने, परमिट जैसे काम पूरी तरह से ठप हो गया। इंस्पेक्टरों की हड़ताल के कारण ट्रायल नहीं होने से लाइसेंस बनाने का काम पहले से बंद है। डीटीओ कार्यालय में लाइसेंस भी नहीं बन रहे। उड़नदस्तों की टीमों की ओर से हाईवे पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। उल्लेखनीय है कि गत शनिवार को धौलपुर में एसपी सुमित मेहरड़ा द्वारा दो परिवहन निरीक्षकों को अपराधियों की तरह थाने में बैठाकर 5 घंटे तक पूछताछ की गई थी। दूसरे मामले में जयपुर-अजमेर हाईवे पर ट्रक ड्राइवरों ने परिवहन निरीक्षक विजेंद्र जांगिड़ पर हमला कर दिया। कर्मचारी अब एसपी को एपीओ करने और मारपीट के आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े हुए हैं।


