PM मोदी के पंजाब दौरे से पहले ब्लास्ट की धमकी:मेल में लिखा- निशाने पर डेरा बल्लां, 4 स्कूलों में आज धमाका; आदमपुर एयरपोर्ट का नाम बदलेगा

PM नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे से एक दिन पहले (31 जनवरी को) जालंधर के 4 स्कूलों में बम ब्लास्ट की धमकी मिली है। सूचना मिलते ही थाना-7 अर्बन एस्टेट पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां एक्टिव हो गईं और सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने कहा कि पहले कैंब्रिज स्कूल को धमकी मिली थी। अब 3 और स्कूल- पठानकोट चौक के पास स्थित केएमवी संस्कृति स्कूल, ब्रिटिश ओलिवा स्कूल और सीजेएस पब्लिक स्कूल को धमकी भरा ईमेल भेजा गया। हालांकि जांच के इस दौरान कुछ नहीं मिला है। आज गुरु रविदास महाराज की जयंती पर शोभायात्रा के चलते जालंधर के स्कूलों की छुट्टी है। कैंब्रिज स्कूल को भेजे गए ईमेल में लिखा गया है कि मोदी के दौरे को लेकर बम ब्लास्ट होगा। मेल को ‘बिल्ली हाल’ के नाम से भेजा गया। अंदर लिखा- आज 3-4 स्कूलों में बम धमाका होगा। हम गुरु रविदास जी की फुल रिस्पेक्ट करते हैं। लेकिन मोदी खालिस्तान वालों का दुश्मन है। खालिस्तानियों का बाबा निरंजन दास के साथ कोई गिला-शिकवा नहीं है। मसला मोदी का है। निज्जर की मौत का जिम्मेदार कौन है…बदला…बदला…बदला। निशाने पर डेरा बल्लां। उधर, पीएम मोदी 1 फरवरी को पौने 4 बजे जालंधर पहुंचेंगे और 2 बड़ी सौगात देंगे। इसमें आदमपुर एयरपोर्ट का नामकरण श्री गुरु रविदास जी एयरपोर्ट करेंगे। इसके साथ ही लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का वर्चुअली उद्घाटन करेंगे। धमकी के ई-मेल की कॉपी…. जालंधर में 40 मिनट के करीब रुकेंगे पीएम पीएम मोदी की सुरक्षा के चलते पुलिस ने पूरा शेड्यूल जारी नहीं किया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि पीएम का जालंधर के डेरा बल्ला में करीब 40 मिनट रुकने का प्लान है। इसमें उनकी 15 मिनट की स्पीच भी शामिल है। इसके अलावा पीएम 10 मिनट तक डेरा सचखंड बल्लां के प्रमुख संत निरंजन दास से मुलाकात करेंगे। पंजाब लीडरशिप के साथ भी पीएम की 10 मिनट की मीटिंग होगी। इसके बाद पीएम दिल्ली के लिए वापसी करेंगे। जालंधर भाजपा कोर कमेटी ने मीटिंग की
जालंधर बीजेपी की कोर कमेटी ने पीएम के स्वागत को लेकर मीटिंग की। भाजपा के सीनियर लीडर और पूर्व विधायक केडी भंडारी ने बताया पीएम 1 फरवरी को आदमपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह डेरा बल्ला में माथा टेकने के लिए पहुंचेंगे। उनके स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पीएम के जालंधर आने से भाजपा वर्करों को एनर्जी मिलेगी। सुरक्षा के लिए SPG पहुंची, पुलिस ने भी जिम्मा संभाला पीएम के दौरे से पहले DGP गौरव यादव जालंधर पहुंचे और सुरक्षा का जायजा लिया। डीजीपी ने बताया कि प्रधानमंत्री के जालंधर दौरे से पहले शुक्रवार दोपहर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डेरा सचखंड बल्लां में कड़ी निगरानी, रूट की सुरक्षा जांच और भीड़ प्रबंधन के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उधर, पीएम की सुरक्षा के लिए एसपीजी (स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप) के जवान भी डेरा बल्लां में तैनात हो गए हैं। आदमपुर से लेकर डेरा बल्लां तक चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा होगी। जिला 1 फरवरी तक नो फ्लाइंग जोन रहेगा एडिशनल डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत प्रधानमंत्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 30 जनवरी 2026 से 1 फरवरी 2026 तक जिला जालंधर को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया है। आदेशों के अनुसार जिला जालंधर की सीमा के अंदर किसी भी प्रकार का सिविल रिमोट, पायलट एयर क्राफ्ट सिस्टम, ड्रोन और हेलिकॉप्टर उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा। जालंधर-पठानकोट हाईवे पर ट्रैफिक रहेगा प्रभावित डेरा सचखंड बल्लां में पीएम मोदी के विजिट को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने कई रूट डायवर्ट किए हैं। कई जगह पर ट्रैफिक के एग्जिट और एंट्री पाइंट बनाए हैं। 1 फरवरी को गुरु रविदास जयंती पर लाखों लोग डेरा बल्लां में पहुंचेंगे। इसके चलते जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे और डेरा बल्लां की ओर जाने वाली सड़कों पर ट्रैफिक डाइवर्ट किया गया है। सुरक्षा के चलते पीएम का रोड रूट नहीं रखा गया है, लेकिन इस दिन पंजाब के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं के पहुंचने से वीआईपी मूवमेंट रहेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *