गेस्ट हाउस के बाहर चलाई अंधाधुंध गोलियां, दो गिरफ्तार:रंगदारी कर रहे बदमाशों को मैनेजर व स्टाफ ने फटकारा था, लौटकर की फायरिंग

ग्वालियर में शनिवार-रविवार दरमियानी रात चार बदमाशों ने एक गेस्ट हाउस के बाहर पहुंचकर गालियां देते हुए अंधाधुंध फायरिंग कर दी। ऐसा पता लगा है कि रात 10 बजे यह रंगदारी कर रहे थे तो एचआरजी गेस्ट हाउस के स्टाफ व मैनेजर ने बदमाशों को वहां से भगा दिया था। बदला लेने बदमाशों ने देर रात पहुंचकर फायरिंग की थी।
पूरी घटना पास ही लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई थी। रविवार को फुटेज सामने आया तो पुलिस भी हरकत में आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस पकड़े गए दोनों बदमाशों से पूछताछ कर रही है। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र स्थित आनंद नगर निवासी मोनू धाकड़ पुत्र द्वारिका प्रसाद धाकड़ आनंद नगर में संचालित एचआरजी गेस्ट हाउस में मैनेजर हैं। शनिवार रात वह गेस्ट हाउस में बैठे थे कि तभी दो बाइक पर चार युवक आए और गाली गलौज करने लगे। जब उन्होंने रोका तो वह वहां से चले गए। कुछ देर बाद वापस आए और गाली गलौज करते हुए निकले और कुछ दूरी पर जाकर अपनी बाइकें खड़ी कर दी। मोनू उनसे बात करने पहुंचे और उन्हें समझाने का प्रयास किया, जिस पर बाइक सवार उन्हें कुछ देर बाद आने की धमकी देकर भाग निकले।
रात 12.30 बजे लौटे और ताबड़तोड़ फायरिंग
गाली गलौज की घटना बाद बदमाश रात 12.30 बजे दो बाइक पर सवार होकर फिर लौटे और गालियां देने लगे। अभी कोई कुछ समझ पाता उससे पहले ही बदमाशों ने फायरिंग कर दी। करीब सात फायर करने के बाद आरोपी भाग निकले। मामले का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया। CCTV फुटेज से पहचान, दो बदमाश पकड़े
मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले तो आरोपी CCTV में कैद हो गए। पुलिस ने फुटेज के आधार पर उनकी जानकारी जुटाई तो पता चला कि हमलावर शिवम शर्मा, दिनेश तोमर, अनिल गुर्जर और बलवान शर्मा हैं। इसका पता चलते ही पुलिस ने उनकी तलाश की और शिवम शर्मा और दिनेश तोमर को पकड़ लिया है। फरार अनिल व बलवान की तलाश में पुलिस की पार्टी दबिश दे रही है।
एएसपी अनु बेनीवाल का कहना है- फायरिंग करने वाले दो बदमाशों को बहोड़ापुर थाना पुलिस ने पकड़ लिया है। दो आरोपी अभी फरार हैं और पुलिस टीम उनकी तलाश में दबिश दे रही है। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *