दतिया के सपा पहाड़ पर आईटीआई कॉलेज की जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। रविवार शाम को हुई इस कार्रवाई के दौरान आधा दर्जन झोपड़ियां और एक बाउंड्रीवाल तोड़ी गईं, जिसके बाद विवाद बढ़ने पर अधिकारी मौके से लौट गए। राजस्व अधिकारी, नगर पालिका और पुलिस बल के साथ प्रशासन की टीम रविवार शाम को सपा पहाड़ पर पहुंची थी। अंधेरा होने के बावजूद जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाया जा रहा था, तभी स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार, सपा पहाड़ स्थित आईटीआई कॉलेज परिसर की जमीन पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण है। इसमें राम मिलन यादव, मिथुन अहिरवार जैसे कई लोगों के मकान बने हुए हैं। कुछ राजनैतिक व्यक्तियों द्वारा भी इन जमीनों पर कब्जा किए जाने की बात सामने आई है। शहर में सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण एक बड़ी समस्या बन गया है। भू-माफियाओं द्वारा सरकारी जमीनों पर प्लॉटिंग कर उन्हें खुर्द-बुर्द करने के मामले सामने आए हैं। आईटीआई कॉलेज की जमीन पर भी अतिक्रमण तब हुआ जब कॉलेज प्रबंधन ने समय रहते कोई विरोध नहीं किया। सपा पहाड़ की अधिकांश जमीन सरकारी है, जिस पर लोगों ने आलीशान मकान बना लिए हैं। दतिया के तहसीलदार बीएम आर्य ने बताया कि आईटीआई कॉलेज की जमीन पर अतिक्रमण था, जिसे पुलिस बल और नगर पालिका के सहयोग से हटाया गया है। उन्होंने स्वीकार किया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान हल्का विवाद हुआ, लेकिन दावा किया कि अतिक्रमण हटा दिया गया है।


