पेट्रोलियम कंपनियों ने आज कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की है। आज कंपनियों ने सिलेंडर की कीमतों में 49.50 रुपए की बढ़ोतरी हुई। इस साल में लगातार दूसरा महीना है जब कंपनियों ने कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की है। राजस्थान एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दीपक गहलोत ने बताया कि कंपनियों की ओर से जारी रेट लिस्ट के मुताबिक राजस्थान में आज 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर पर 49.50 रुपए बढ़ाने के बाद 1719.50 रुपए की जगह 1769.50 रुपए में मिलेगा। जबकि पिछले जनवरी में कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर पर 111 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की थी। पिछले साल नवंबर में 5 रुपए और दिसंबर में 10 रुपए की कमी की गई थी। साल 2025 जून में 69.50 रुपए, मई में 19 रुपए और अप्रैल में 31.50 रुपए की कटौती की थी। मार्च में 26 रुपए और फरवरी 13.50 रुपए प्रति सिलेंडर का इजाफा किया था। घरेलू सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं कंपनियों ने घरेलू उपयोग के लिए होने वाले सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। वर्तमान में बाजार में घरेलू उपयोग का सिलेंडर 856.50 रुपए में ही मिलेगा। वहीं, राज्य सरकार की ओर से बीपीएल और उज्ज्वला कनेक्शनधारियों को रियायती दर पर सिलेंडर उपलब्ध करवाया है।


