महवा थाने में एक व्यक्ति ने अपने दामाद के खिलाफ अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण का मामला दर्ज कराया है। घटना मंडावर थाना क्षेत्र की है। पिता ने शिकायत में बताया-3 जनवरी को उसका दामाद अपनी पत्नी (बड़ी बेटी), दो बच्चों और 14 साल की नाबालिग बेटी को अस्पताल में इलाज के बहाने ले गया। अस्पताल पहुंचने पर उसने अपनी पत्नी और बच्चों को बाथरूम में बंद कर दिया और नाबालिग को लेकर फरार हो गया। उसकी पत्नी और बच्चे किसी तरह से वापस बाहर निकलकर हमारे काम करने वाली जगह पहुंचे और पूरी घटना बताई। इसके बाद उन्होंने नाबालिग बेटी और दामाद की काफी तलाश की। मगर कोई पता नहीं चल सका। पिता ने दर्ज कराया मामला
पिता ने बताया-एक महीने तक तलाश करने के बाद शनिवार को महवा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। हालांकि मामला मंडावर क्षेत्र का होने के चलते पिता को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके बाद शाम के समय अपहरण की धाराओं में मामला दर्ज किया गया। महवा थानाधिकारी राजेंद्र मीणा ने बताया-नाबालिग के पिता के पास उम्र संबंधी दस्तावेज नहीं थे, जिसके कारण शुरुआत में कुछ दिक्कत आईं थीं।


