नीमकाथाना के नयाबास निवासी 36 वर्षीय बाबूलाल मीणा की करंट लगने से हुई मौत के बाद जिला कपिल अस्पताल में जारी गतिरोध समाप्त हो गया है। सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर के हस्तक्षेप के बाद पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का मौखिक आश्वासन मिला, जिसके बाद ग्रामीण शव के पोस्टमार्टम के लिए सहमत हुए। जानकारी के अनुसार, बाबूलाल मीणा एक कार्यक्रम से लौटकर घर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे लगी डीपी से करंट लगने के कारण उनकी मौत हो गई। घटना के बाद रविवार सुबह से ही सैकड़ों ग्रामीण और महिलाएं मुआवजे की मांग तथा विद्युत विभाग के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए थे। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना अधिकारी विजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसके बाद सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली और उनके हस्तक्षेप के बाद पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की मुआवजा राशि दिलाने का मौखिक आश्वासन दिया गया। इस आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ और परिजन शव लेने के लिए राजी हो गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। कोतवाली थाना अधिकारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


