बालाघाट के श्रवण नगर में चोरी की दो वारदात सामने आईं हैं वार्ड नंबर 5 में चोरों ने एक कृषि अधिकारी के सूने घर को निशाना बनाया और सोने-चांदी के जेवर ले उड़े। वहीं, पास ही रहने वाले एक शिक्षक के घर भी चोरी की कोशिश हुई, लेकिन चोर वहां नाकाम रहे। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूने घर का फायदा उठाकर ले गए जेवर कृषि अधिकारी जगदीश श्रीनाग बालाघाट में तैनात हैं। उनकी पत्नी कटनी में शिक्षक हैं और बच्चे भोपाल में पढ़ते हैं। जगदीश काम के सिलसिले में दो दिनों के लिए नागपुर गए थे, जिससे घर खाली था। जब वे वापस आए, तो दरवाजे का ताला टूटा मिला। घर के अंदर अलमारी और पेटियों का सामान बिखरा पड़ा था। उनकी पत्नी के कटनी से लौटने पर पता चला कि चोरों ने चांदी के हार, बिछिया, सोने के टॉप्स, सोने-हीरे की लौंग और अन्य कीमती जेवरात चोरी कर लिए हैं। रविवार को कोतवाली पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। शिक्षक के घर चोरी की कोशिश नाकाम चोरों ने पास ही रहने वाले शिक्षक अनिल रहांगडाले के घर में भी घुसने की कोशिश की। अनिल सिवनी में तैनात हैं और वहां परिवार के साथ रहते हैं। उनकी साली, जो इस घर की देखभाल करती हैं, वे भी गांव गई हुई थीं। चोरों ने यहां हाथ साफ करने की कोशिश तो की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। सीसीटीवी फुटेज से चोरों की तलाश पुलिस ने बताया कि शिक्षक के घर लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की कोशिश का पूरा वीडियो रिकॉर्ड हो गया है। कोतवाली पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


