जबलपुर के तिलहरी क्षेत्र में शराब दुकान खोले जाने के विरोध में चल रहा आंदोलन रविवार को तेज हो गया। विरोध स्वरूप क्षेत्र की महिलाओं ने सड़क पर उतरकर चक्का जाम कर दिया, जिससे मार्ग पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल महिलाओं ने शराब दुकान के खिलाफ नारेबाजी की और इसे तुरंत बंद करने की मांग की। महिलाओं का कहना है कि दुकान खुलने से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शराबियों की आवाजाही बढ़ने से महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। साथ ही, छोटे बच्चों का स्कूल आना-जाना भी प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र किया जाएगा। उनका आरोप है कि क्षेत्र में खुलेआम शराबखोरी हो रही है, जिससे सामाजिक वातावरण बिगड़ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने समझाइश के बाद यातायात बहाल कराया। क्षेत्र में स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।


