अनूपपुर जिले में यातायात पुलिस ने सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सख्त अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत, पुलिस ने तीन दिनों में 364 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 1 लाख 42 हजार रुपए का जुर्माना वसूला है। यह अभियान शुक्रवार से शुरू हुआ था, जिसमें जागरूकता के साथ-साथ सख्ती भी बरती जा रही है। रविवार को भी 100 से अधिक वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। लापरवाही नहीं करें जिला यातायात प्रभारी विनोद दुबे ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की जा रही है, जिसमें नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कोई ढिलाई न बरतने के निर्देश दिए गए हैं। तीन दिनों के विशेष अभियान के दौरान हेलमेट न पहनने, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने, ओवरस्पीडिंग, गलत दिशा में वाहन चलाने और बिना दस्तावेज वाहन संचालन सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ चालान काटे गए। इससे पहले, यातायात पुलिस ने पुलिस वाहन जैसी बहुरंगी (रेड-ब्लू) बत्ती लगाकर वाहन चला रहे एक लग्जरी कार चालक के खिलाफ भी कार्रवाई की। मौके पर ही 9000 रुपए का चालान काटा गया और अवैध रूप से लगी बहुरंगी बत्ती को तत्काल हटवाया गया। अनूपपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।


