राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ समेत कई जिलों में रविवार सुबह हल्की बारिश हुई। दोपहर बाद कोटा, चित्तौड़गढ़ में ओले गिरे। ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी फसलों में भारी नुकसान की आशंका है। वहीं भीलवाड़ा के मांडल में सुबह घने कोहरे के कारण बस बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में एक यात्री गंभीर घायल हो गया। बस में करीब 30 यात्री सवार थे। अलवर में आज सुबह घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी 50 मीटर ही रही। बीकानेर में सुबह करीब 9:45 बजे तक विजिबिलिटी 10 मीटर तक ही थी। राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय है। कोटा के ग्रामीण इलाकों में सुबह बारिश हुई। मंडाना के पास गोपालपुरा में दोपहर 3.45 बजे तेज ओलावृष्टि हुई। चित्तौड़गढ़ के रावतभाटा क्षेत्र में रविवार दोपहर में ओले गिरे। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के कोटपूतली में भी रविवार सुबह बारिश हुई। इससे पहले, शनिवार को अजमेर में बारिश के साथ कई स्थानों पर ओले गिरे। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने रविवार को 13 जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, फरवरी में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना जताई गई है। संभावना है कि 14-15 फरवरी यानी दूसरे सप्ताह के बाद से प्रदेश में हल्की गर्मी का दौर शुरू हो सकता है। देखिए, मौसम की PHOTOS… … पल-पल की अपडेट के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…


