भास्कर न्यूज | देवरबीजा साजा विकासखंड के अंतर्गत नवगठित सेवा सहकारी समिति तेंदुआ में धान खरीदी व्यवस्था में अव्यवस्था सामने आई है। समिति में पांच किसानों का करीब 650 कट्टा धान खरीदी नहीं हो सका, जबकि धान खरीदी केंद्र तक पहुंच चुका था और वर्तमान में भी वहीं रखा हुआ है। समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार धान की तौल नहीं हो पाई, वहीं रात्रि 9 बजे के बाद धान खरीदी से संबंधित सॉफ्टवेयर बंद हो जाने के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं की जा सकी। इस तकनीकी समस्या के चलते किसानों का टोकन नहीं कट पाया और धान खरीदी अटक गई। किसानों का कहना है कि धान समय पर केंद्र में पहुंचाने के बावजूद खरीदी नहीं होना चिंताजनक है। क्षेत्र के किसानों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि सर्वर डाउन या सॉफ्टवेयर बंद होने के कारण जिन किसानों का टोकन नहीं कट सका है, उनके धान की खरीदी तत्काल की जाए। वहीं किसानों ने अन्य समितियों में पिछले दो दिनों से पुराना धान एवं हल्का धान खरीदे जाने का भी आरोप लगाया है।


