भास्कर न्यूज| घोड़ारी सामाजिक समरसता और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शासकीय अनुसूचित जाति बालक आश्रम, घोड़ारी में अस्पृश्यता निवारणार्थ सद्भावना शिविर का आयोजन किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष मोगरा पटेल,जनपद पंचायत उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर के आतिथ्य में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। वक्ताओं ने समाज में व्याप्त छुआछूत और भेदभाव जैसी कुरीतियों को समाप्त करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने महात्मा गांधी और संत रविदास के विचारों को स्मरण करते हुए सामाजिक समानता, भाईचारे और मानवता के मूल्यों पर प्रकाश डाला। शिविर के दौरान आश्रम की छात्राओं द्वारा पारंपरिक वेशभूषा में मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित जनसमूह का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों की प्रस्तुति ने सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का सुंदर संदेश दिया। इस मौके पर जनपद सदस्य विजय लक्ष्मी जांगड़े ,सरपंच पार्वती बंजारे ,उपसरपंच गोपाल दास सहायक आयुक्त शिल्पा साय,खंड प्रभारी महेंद्र टंडन चमन चंद्राकर ,अधीक्षक मदन चौधरी मौजूद थे। मंच पर अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और ऐसे आयोजनों को सामाजिक जागरूकता के लिए आवश्यक बताया। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के सद्भावना शिविरों के माध्यम से समाज में समानता, सम्मान और सामाजिक न्याय की भावना को मजबूत किया जा रहा है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।


