बारां. कांग्रेस की ओर से केंद्रीय बजट पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। अंता विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया ने कहा कि यह एक झूठा बजट है। इस समय देश की सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है। दुनिया में जनसंख्या के अनुपात में सबसे अधिक युवा किसी देश में हैं तो वो भारत में हैं। युवाओं को रोजगार देने की योजना लाने की बजाय ये बजट स्कूल के बच्चों को मोबाइल के माध्यम से रील बनाने को बढ़ावा देने की बात कर रहा है। दुनिया के कई विकसित देश बच्चों को सोशल मीडिया से रोकने के लिए प्रतिबंध लगा रहे हैं और देश में ये सरकार उनको रील बनाने में पारंगत करने में लगी है। किसानों को कोई एमएसपी बढ़ोतरी या एमएसपी को कानूनी जामा पहनाने की बात बजट में नहीं है। शेयर मार्केट धड़ाम से नीचे गिर गया है। कुल मिलाकर यह युवा विरोधी, किसान विरोधी और देश विरोधी झूठा बजट है।


