भास्कर संवाददाता | भीलवाड़ा आजाद नगर स्थित महाराणा कुंभा ट्रस्ट परिसर में रविवार को खड़ेश्वर महाराज को श्रद्धांजलि एवं स्व. पुष्पेंद्र सिंह खैराबाद की 12वीं पुण्यतिथि पर 12वां रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर की शुरुआत श्री क्षत्रिय युवक संघ के प्रांत प्रमुख गजेंद्र सिंह चौकी खेड़ा ने यज्ञ से की। शिविर में 1132 यूनिट रक्तदान हुआ। 122 युवाओं ने पहली बार रक्तदान किया। प्रताप युवा शक्ति के प्रदेश उपाध्यक्ष कान सिंह खारड़ा ने बताया कि शिविर में दिनभर रक्तदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं। जिलेभर से सर्व समाज के युवाओं व मातृशक्ति ने ढोल-नगाड़ों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। शाम सात बजे तक चले रक्तदान में महिलाओं व बालिकाओं ने सैकड़ों की संख्या में रक्तदान कर नया इतिहास रच दिया। कार्यक्रम में रक्तदाताओं को ही मुख्य अतिथि माना गया। महंत बनवारी शरण काठिया बाबा व लाल महाराज कोटड़ी ने रक्तदाताओं को आशीर्वाद दिया। भीलवाड़ा, उदयपुर, जयपुर सहित आठ टीमों ने रक्त संग्रहण किया। विधायक अशोक कोठारी, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया सहित कई जनप्रतिनिधि व सामाजिक संगठनों की गरिमामय उपस्थिति रही। आयोजकों ने रक्तदाताओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।


