श्री गुरु रविदास महाराज के प्रकाश पर्व को लेकर शहर के सभी मंदिरों में धार्मिक समारोह और हरिनाम संकीर्तन कराए गए। दोपहर 12 बजे से लेकर शाम तक चलने वाले समारोह में शहर की भजन मंडलियों ने श्री गुरु रविदास महाराज जी की महिमा का गुणगान किया। इससे पहले पंडितों ने मिलकर मंत्रोच्चारण से श्री गुरु रविदास महाराज का सुंदर शृंगार करके आरती उतारी। इसके बाद सभी भक्तों ने आकर महाराज के आगे शीश निभाकर परिवार की सुख-शांति मांगी। इसी दौरान शहर की भजन मंडलियों ने श्री गुरु रविदास महाराज का गुणगान किया। सारे मंदिर को फूलों से सजाया गया। वहीं कलाकारों द्वारा राधा-कृष्ण, बाबा भोलेनाथ समेत कई तरह की सुंदर झांकियां सजाई गईं। इसी तरह कटड़ा शेर सिंह नई गली में श्री रविदास महासभा के प्रधान कमल कुमार और इलाके के लोगों के सहयोग से संकीर्तन किया। इस मौके पर कमेटी के कई सदस्य मौजूद रहे। इसी तरह ढपई रोड स्थित श्री गुरु रविदास मंदिर में धार्मिक समारोह का आयोजन कराया। जिसमें भजन मंडलियों ने महाराज का गुणगान किया। सारा दिन गुरु का अटूट लंगर चलता रहा। वहीं भूषणपुरा के केंद्रीय श्री गुरु रविदास प्रकाश मंदिर हेड आफिस में महिलाओं समेत शहर की भजन मंडलियों द्वारा संकीर्तन किया। सारे मंदिर को रंग बिरंगी रोशनी से सजाया। जिसमें सुबह से लेकर रात तक भक्तों ने आकर महाराज का आशीर्वाद लिया। इस मौके पर प्रधान हकुमत राय समेत कई भक्तजन मौजूद रहे।


