रेलगाड़ी से कटकर युवक की मौत

गढ़वा | गढ़वा रोड-चोपन रेलखंड पर गढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत सीदे कला गांव के समीप रविवार की सुबह करीब 10:30 बजे रेलगाड़ी से कटकर एक युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान सीदे कला गांव निवासी 25 वर्षीय पुरुषोत्तम दीक्षित पिता जनार्दन दीक्षित के रूप में हुई है। मृतक के स्वजन के अनुसार यह घटना कैसे घटित हुई, इस बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। आज सुबह में ही पुरुषोत्तम दीक्षित घर से निकला था। करीब 10:30 बजे किसी ने रेलगाड़ी से उसके कट जाने के बारे में बताया, तब स्वजन वहां पहुंचे। इसके पश्चात पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची गढ़वा थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में लाकर पोस्टमार्टम कराई और शव को मृतक के स्वजन को सौंप दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। गढ़वा | गढ़वा-श्रीबंशीधर नगर मार्ग पर मेराल थाना क्षेत्र अंतर्गत पढ़ुआ मोड़ पर रविवार को मोटरसाइकिल से गिरकर 13 वर्षीय आदर्श कुमार पिता अभय कुमार गुप्ता घायल हो गया। वह श्रीबंशीधर नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जंगीपुर का रहनेवाला है। सदर अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। बताया गया कि आदर्श कुमार अपने पिता के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने घर से गढ़वा आ रहा था। इस दौरान पढ़ुआ मोड़ पर सड़क पर अचानक नीलगाय कूदने के कारण मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा आदर्श कुमार गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके चेहरे में चोट लगी है। गढ़वा | रांची-वाराणसी फोरलेन सड़क पर पड़वा मोड़ के पास नीलगाय से टकराकर मोटरसाइकिल सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने हाईवे पेट्रोलिंग को सूचना दी। सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग टीम घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दंपति मोटरसाइकिल से गढ़वा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पड़वा मोड़ के पास अचानक सड़क पार कर रही नीलगाय से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। समाचार लिखे जाने तक घायलों की पहचान नहीं हो सकी थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *