भास्कर न्यूज | गढ़वा जोबरइया गांव में रविवार को क्रिकेट खेल के दौरान बच्चों के बीच हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। बच्चों की कहासुनी में जब उनके स्वजन शामिल हो गए तो दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। दो महिलाओं समेत दोनों पक्षों के कुल पांच लोग घायल हो गए, जिनका इलाज सदर अस्पताल गढ़वा में चल रहा है। बताया गया कि जोबरइया गांव में रविवार को बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। किसी बात पर वाहिद रजा के फुफेरे भाई दिलशान और रौशन कुमार के बीच विवाद हो गया। मामला हाथापाई में बदल गया। दोनों पक्षों के परिजन भी मौके पर पहुंचे और लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू हो गई। एक पक्ष से जोबरइया गांव निवासी उदय चंद्रवंशी की पत्नी शोभा देवी, उनका 17 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार, 14 वर्षीय पुत्र रौशन कुमार तथा विजय चंद्रवंशी की 27 वर्षीय पुत्री प्रियंका कुमारी घायल हो गईं। वहीं दूसरे पक्ष से 20 वर्षीय वाहिद रजा, पिता इम्तेयाज अहमद, को भी चोटें आई हैं। आसपास के ग्रामीणों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बीच-बचाव किया और किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना के संबंध में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ गढ़वा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया है।


