भास्कर संवाददाता|सागर चालू रबी के मौसम में उपजने वाले गेहूं को समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए पंजीयन 7 फरवरी से 7 मार्च तक होगा। इस साल गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585 रुपए प्रति क्विंटल है। यह बीते साल से 160 रुपए अधिक है। पंजीयन की निशुल्क व्यवस्था ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत कार्यालयों में स्थापित सुविधा केंद्र पर, तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केंद्र पर और सहकारी समितियों एवं सहकारी विपणन संस्थाओं द्वारा संचालित पंजीयन केंद्र पर की गई है। इसके साथ ही एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर कियोस्क, लोक सेवा केंद्र और निजी व्यक्तियों द्वारा संचालित साइबर कैफे पर भी पंजीयन करा सकते हैं। प्रति पंजीयन 50 रुपए से अधिक शुल्क नहीं लिया जाएगा। पंजीयन के लिए भूमि संबंधी दस्तावेज़ एवं किसान के आधार कार्ड एवं अन्य फोटो पहचान-पत्रों का समुचित परीक्षण कर उनका रिकार्ड रखा जाना अनिवार्य है। सिकमी, बटाईदार, कोटवार एवं वन पट्टाधारी किसान के पंजीयन की सुविधा केवल सहकारी समिति एवं सहकारी विपणन सहकारी संस्था द्वारा संचालित पंजीयन केंद्रों पर रहेगी।


