भास्कर संवाददाता|सागर डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय में सत्र 2026-27 मंे स्नातक में प्रवेश के लिए सीयूईटी यानी कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट- अंडर ग्रेजुएट के लिए आवेदन करने की तारीख बढ़ा दी गई है। विद्यार्थी एनटीए की ऑफिशियल वेबसाइट cuet.nta.nic.in पर जाकर 4 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। 7 फरवरी तक विद्यार्थी परीक्षा फीस जमा कर सकते हैं। आवेदन फॉर्म में सुधार करने के लिए करेक्शन विंडो 9 फरवरी को खुलेगी। विद्यार्थी 11 फरवरी तक अपने आवेदन फॉर्म में सुधार कर सकेंगे। किसी मान्यता प्राप्त राज्य या केंद्रीय बोर्ड से कक्षा 12वीं में अध्ययनरत विद्यार्थी परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। डॉ. हरीसिंह गौर विवि में स्नातक के 18 पाठ्यक्रमों में 2398 सीटें हैं। प्रवेश-परीक्षा 11 से 31 मई के बीच प्रस्तावित है।


