मंदसौर में ओलावृष्टि से बर्फबारी जैसे हालात:आधे घंटे में सड़कें ढकीं; रबी फसलों को नुकसान की आशंका

मंदसौर जिले में शीत लहर और सर्द हवाओं के बीच रविवार शाम मौसम ने अचानक विकराल रूप ले लिया। जिले के कई हिस्सों में तेज बारिश के साथ जमकर ओलावृष्टि हुई। खासतौर पर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के विधानसभा क्षेत्र मल्हारगढ़ के ग्राम झारड़ा में हालात ऐसे बने मानो बर्फबारी हो गई हो। आधे घंटे की तेज बारिश और ओलों से सड़क किनारे बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। झारड़ा सहित आसपास के गांवों में ओले इस कदर गिरे कि लोगों को अपने घरों के आंगन में फावड़े से बर्फ समेटते देखा गया। इस अनोखे नजारे की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। जहां एक ओर लोग इस मौसम का आनंद लेते दिखे, वहीं किसानों के लिए यह आफत बनकर टूटा। असमय बारिश – ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान
ओलावृष्टि और असमय बारिश से खेतों में खड़ी रबी फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। अफीम और गेहूं जैसी फसलें प्रभावित होने की खबरें सामने आई हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के झारड़ा, काचरिया देव, किशनगढ़, मनासा खुर्द, हरमाला, अरनिया देव, पामाखेड़ा सहित अन्य गांवों से ओलावृष्टि एवं बारिश से फसल नुकसान की जानकारी मिली है। उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने दिए निर्देश
ओलावृष्टि की सूचना मिलते ही मल्हारगढ़ विधायक एवं प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने मंदसौर कलेक्टर अदिति गर्ग से दूरभाष पर चर्चा कर प्रभावित गांवों में तत्काल प्रशासनिक दल भेजकर मौके का निरीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। किसानों को भरोसा: सरकार हर परिस्थिति में साथ
उपमुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि ओलावृष्टि की घटना चिंताजनक है, लेकिन किसान भाइयों को घबराने की जरूरत नहीं है। “मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार किसानों के साथ हर परिस्थिति में खड़ी है। राहत के हर आवश्यक कदम तुरंत उठाए जाएंगे।”

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *