दतिया कोतवाली थाना क्षेत्र में झांसी बायपास पर सीतासागर के पास स्थित काली माता मंदिर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोर मंदिर से माता का चांदी का मुकुट, सोने की नथ, घंटे और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। सुबह पूजा के समय खुला चोरी का राज यह चोरी रविवार और सोमवार की दरमियानी रात को हुई। सोमवार सुबह जब मंदिर के पुजारी रोज की तरह पूजा करने पहुंचे, तो उन्होंने मंदिर के ताले टूटे हुए देखे। अंदर जाकर देखने पर माता के आभूषण और अन्य सामान गायब मिले, जिसके बाद चोरी की जानकारी सामने आई। चोरी की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है, ताकि चोरों का कोई सुराग मिल सके। श्रद्धालुओं में आक्रोश मंदिर में चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में नाराजगी और आक्रोश है। लोगों ने जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की गंभीरता से जांच जारी है।


