शहर में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। सोमवार सुबह घने कोहरे के बाद मौसम ने फिर करवट ली। दिन में धूप और बादलों की आंख-मिचौली चलती रही। कभी हल्की धूप से ठंड में राहत मिली तो कभी बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं से मौसम में उतार-चढ़ाव महसूस किया गया। मौसम में यह बदलाव महाराष्ट्र और हरियाणा क्षेत्र में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण तथा पश्चिमी विक्षोभ के असर से देखा जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण आसमान में बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे सुबह और शाम के समय ठंड का असर बना हुआ है। दिन में हल्की धूप खिल रही मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बीते तीन दिनों से सुबह और शाम ठंडक महसूस की जा रही है, जबकि दिन में हल्की धूप से लोगों को थोड़ी राहत मिल रही है। मौसम विभाग ने फिलहाल इसी तरह के बदले हुए मौसम के बने रहने की संभावना जताई है। आने वाले दिनों में भी बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।


