लुधियाना में धागे से भरी पिकअप गटर में गिरी:सड़क पर पानी भरा होने से नहीं दिखा मेन होल; बाल-बाल बचा ड्राइवर

लुधियाना जिले के मेहरबान इलाके में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। धागे से लदा एक छोटा हाथी सड़क किनारे खुले गटर में जा गिरा। वाहन ड्राइवर संतोष जागीरपुर से बाजड़ा की ओर जा रहा था। सड़क पर पानी भरा होने के कारण उसे गटर दिखाई नहीं दिया, जिससे यह दुर्घटना हुई। गटर में पहिया फंसने से वाहन असंतुलित होकर नीचे गिर गया। घटना में ड्राइवर बाल-बाल बचा और किसी बड़े नुकसान से भी बचाव हो गया। पहले से खुला था गटर का ढक्कन ड्राइवर संतोष ने बताया कि गटर का ढक्कन पहले से ही खुला था। बारिश और ओवरफ्लो के कारण सड़क पर पानी जमा था, जिससे गटर की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाया। मौके पर मौजूद नगर निगम के नंबरदार आनंद ने बताया कि इलाके में पाइपलाइन का काम चल रहा है, जिसके लिए गटर का ढक्कन अस्थायी रूप से खोला गया था। उन्होंने दावा किया कि लोगों की सुरक्षा के लिए गटर के किनारों पर ड्रम और बैरिकेडिंग लगाई गई थी। तीन दिन में पाइपलाइन का काम पूरा टीम द्वारा पूछे जाने पर नंबरदार आनंद ने बताया कि यह काम अगले दो से तीन दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। हालांकि, स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह कार्य पिछले 10 से 15 दिनों से अधूरा पड़ा है। उनके अनुसार, इस वजह से सड़क पर अक्सर गंदा पानी भर जाता है, जिससे राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। आए दिन बना रहता है हादसों का खतरा स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि काम में देरी के कारण प्रतिदिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उनका कहना है कि यदि गटर को समय पर ठीक से ढका गया होता, तो इस तरह की घटना से बचा जा सकता था। निवासियों ने नगर निगम से जल्द से जल्द काम पूरा करने और सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *