फाजिल्का जिले के अबोहर के आभा स्कवेयर मार्केट स्थित एक कंप्यूटर शोरूम में बीती देर रात चोरों ने धावा बोल दिया। चोर लाखों रुपए के लैपटॉप और मोबाइल फोन चुराकर फरार हो गए। शोरूम मालिक के अनुसार, इस घटना में उन्हें करीब 6 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। चोरी की घटना का पता शुक्रवार सुबह चला, जब शोरूम मालिक दुकान पर पहुंचे। शटर खोलने पर उन्हें चोरी का अहसास हुआ। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना सिटी वन पुलिस को दी। लैपटॉप और मोबाइल उठाकर फरार शोरूम मालिक अमन ने बताया कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि चोरों ने शोरूम के पीछे का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद वे वहां रखे कीमती लैपटॉप और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही 112 पुलिस और सिटी-1 पुलिस के एएसआई राजवीर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं पीड़ित व्यापारी अमन के दोस्त चिराग सेठी ने बताया कि यह शोरूम कुछ महीने पहले ही नई मार्केट में शुरू किया गया था। हालांकि, यहां सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। उन्होंने हैरानी जताई कि महंगे शोरूम होने के बावजूद अभी तक बिजली कनेक्शन भी उपलब्ध नहीं कराया गया है। चिराग सेठी ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था की कमी के कारण अबोहर में ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


