जोधपुर जिले में शीतलहर की स्थिति सामान्य होने और मौसम विभाग के पूर्वानुमान देखते हुए स्कूल अब पुराने समय पर ही खुलेंगे। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के समय बदलने वाले पुराने आदेश रद्द कर दिए। जिले के सरकारी और निजी स्कूल अब पुराने समय पर ही संचालित किए जा सकेंगे। सर्दी बढ़ने और शीतलहर पर स्कूलों का समय सुबह 10 बजे कर दिया गया था। जिला कलक्टर ने सोमवार को निर्देश दिए कि जिले में संचालित सभी राजकीय एवं निजी स्कूलें पूर्व में निर्धारित समयानुसार संचालित रहेंगे। सभी शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य नियमित रूप से संपादित किए जाएंगे। पुराने आदेश किए रद्द
कलेक्टर के अनुसार जिले में संचालित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश के संबंध में पहले जारी आदेश रद्द किए जाते हैं। सभी आंगनबाड़ी केंद्र पूर्व निर्धारित समयानुसार यथावत संचालित रहेंगे एवं नियमित गतिविधियां संपादित की जाएंगी। बता दें कि जनवरी की शुरुआत में तेज सर्दी की वजह से जिला कलेक्टर ने स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया था। इसके तहत सरकारी और निजी स्कूलों को सुबह 10 बजे से खोलने के आदेश जारी किए थे, लेकिन अब ये स्कूल सुबह की पारी में संचालित हो सकेंगे।


