डीडवाना-कुचामन जिले में सोमवार को जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई इस बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
इस दौरान कलेक्टर ने फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं, विकास कार्यों और संपर्क पोर्टल के प्रकरणों पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में विद्युत विभाग की प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और प्रधानमंत्री कुसुम योजना की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जिले में लंबित विद्युत कनेक्शनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन से जुड़ी योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सड़क निर्माण समेत कई विकास कार्यों की समीक्षा की
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान खड़गावत ने लाडो प्रोत्साहन योजना, मां वाउचर योजना और टीबी मुक्त भारत अभियान की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों को गति देने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, सभी विभागीय अधिकारियों को फ्लैगशिप योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने और बजट घोषणाओं के लंबित कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। जिले में सड़क निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्रों, राजकीय विद्यालयों और रुडिप द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया। संपर्क पोर्टल पर दर्ज लंबित प्रकरणों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। मिठड़ी के किसान को कलेक्टर ने किया सम्मानित
बैठक के बाद कलेक्टर खड़गावत ने नावां उपखंड के मिठड़ी निवासी प्रगतिशील किसान देवकरण कुमावत को सम्मानित किया। कुमावत को आधुनिक तकनीक और जैविक तरीकों से स्ट्रॉबेरी की खेती की नवाचारी पहल के लिए प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर किसान द्वारा उत्पादित स्ट्रॉबेरी फसल को अधिकारियों के समक्ष प्रदर्शित किया गया, जिसकी सभी ने सराहना की।
बैठक में एडीएम मोहनलाल खटनावलिया, नगर परिषद आयुक्त भगवान सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र चौधरी, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता एफ. आर. मीणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।


