मोहाली में फायरिंग, एक युवक की मौत:दूसरा व्यक्ति घायल, गाड़ी ओवरटेक को लेकर हुआ था विवाद, आरोपी गिरफ्तार

मोहाली के ढकोली के किशनपुरा इलाके में देर रात हुई गोलीबारी में 24 वर्षीय प्रिंस की मौत हो गई। इस घटना में 42 वर्षीय भरत भूषण गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। यह वारदात होटल स्वेन-2 के पास हुई। पुलिस के अनुसार, यह घटना सड़क पर गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई। मामूली कहासुनी जल्द ही बढ़ गई, जिसके बाद ढकोली की राधे होम्स सोसाइटी निवासी कुलदीप सिंह ने कथित तौर पर अपने साथियों को बुला लिया और अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। गोली लगने से प्रिंस गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भरत भूषण को भी गोलियां लगीं और उन्हें गंभीर हालत में फोर्टिस अस्पताल रेफर किया गया। गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों में दुबक गए। पुलिस ने घटनास्थल को सील किया सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी कुलदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खाली कारतूस और अन्य महत्वपूर्ण सबूत एकत्र किए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों के पास हथियार कहां से आए और क्या उनका कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड है। इस वारदात के बाद इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहाली के एसएसपी द्वारा देर रात करीब 3:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी देने की बात कही गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *