मंडला जिले के टिकरिया और बीजाडांडी थाना क्षेत्रों की सीमा पर स्थित ग्राम कटंगी चौराई के पास कालपी रोड पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर से हो गई। इस हादसे में दो युवक घायल हो गए, जबकि टक्कर मारने वाला अज्ञात बाइक सवार मौके से फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुडारी, उमरिया निवासी सुरेश पटेल (35) और गुलाब पटेल (28) अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक MP 51 MH 0499) से ससुराल से अपने गांव लौट रहे थे। तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक युवक को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर टिकरिया थाना की डायल 112 टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने घायल युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीजाडांडी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने एक गंभीर घायल को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बीजाडांडी पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।


