छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में किसान संघर्ष समिति ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर सांकेतिक भूख हड़ताल और चक्काजाम किया। यह प्रदर्शन तुमड़ीबहार में सांकरा से मैनपुर मुख्यमार्ग पर किया गया, जिसमें लगभग 20 गांवों के ग्रामीण शामिल हुए। ग्रामीणों की मुख्य मांगों में 21 क्विंटल धान की खरीदी, स्कूलों का उन्नयन, पक्की सड़कों का निर्माण और बेलरबाहरा में एएनएम व आरएचओ की नियुक्ति शामिल हैं। समिति का आरोप है कि ये मांगें पिछले सात वर्षों से लंबित हैं और सरकार द्वारा इन पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। किसानों ने कहा- मांगें नहीं मानी गई, मजबूरी में किया चक्का जाम किसान संघर्ष समिति के सदस्यों का कहना है कि वे इन मांगों को लेकर पहले भी कई बार प्रदर्शन कर चुके हैं। हाल ही में ब्लॉक मुख्यालय नगरी में भी सांकेतिक भूख हड़ताल की गई थी, लेकिन उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया। इसी कारण उन्हें चक्काजाम करने के लिए मजबूर होना पड़ा। प्रदर्शन स्थल पर प्रशासन के अधिकारी ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीण सुबह से ही चक्काजाम कर अपनी मांगों पर डटे हुए हैं और उनका कहना है कि उन्हें केवल आश्वासन ही मिले हैं, ठोस कार्रवाई नहीं।


