बालाघाट जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में कथित गड़बड़ी को लेकर पराजित प्रत्याशियों ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से शिकायत की है। 17 जनवरी को हुए चुनाव और मतगणना के लगभग पखवाड़े भर बाद, 2 फरवरी को अधिवक्ता प्रत्याशी एसपी कार्यालय पहुंचे और मामले की पुलिस जांच तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी आनंद टेंभरे ने बताया कि उन्होंने एसपी से चुनाव में हुई गड़बड़ी की शिकायत की है। उनके अनुसार, मतदान के बाद बताई गई मतदाताओं की संख्या से मतगणना में 50 अधिक मत निकले। टेंभरे ने यह भी आरोप लगाया कि मतदान के दौरान अधिवक्ताओं द्वारा किए गए हस्ताक्षरों वाले दस्तावेज की प्रमाणित प्रति नहीं दी जा रही है। चुनाव अधिकारी ने बताया कि वह दस्तावेज या तो कोई ले गया है या चोरी हो गया है, जिस पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। हाईकोर्ट जाएंगे शिकायत लेकर टेंभरे ने कहा कि इन तथ्यों से चुनाव में गड़बड़ी साफ जाहिर होती है, जिसकी जांच की मांग उन्होंने आवेदन में की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जांच नहीं होती है, तो वे उच्च न्यायालय में याचिका दायर करेंगे। हालांकि, प्रत्याशियों द्वारा लगाए गए इन आरोपों को जिला निर्वाचन अधिकारी अधिवक्ता हरीश नगपुरे ने निराधार बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव राज्य अधिवक्ता संघ के निर्देशानुसार पूरी पारदर्शिता के साथ कराए गए थे और आरोप लगाने वाले प्रत्याशी हारने के बाद ऐसी बातें कह रहे हैं।


