कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गड़गी गांव के पास कलश यात्रा से लौट रहे एक 13 वर्षीय किशोर की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पांडू गांव निवासी मुंशी सिंह के पुत्र सन्नी कुमार के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। यज्ञ के लिए निकली थी कलश यात्रा जानकारी के अनुसार तेतरौंन पंचायत के नावाडीह गांव में नौ दिवसीय महायज्ञ का आयोजन किया गया है। इसी को लेकर सोमवार को कलश यात्रा निकाली गई थी। नावाडीह गांव की महिलाएं चलकुस्सा थाना क्षेत्र के बडानो स्थित उत्तरवाहिनी बराकर घाट से मिट्टी के कलश में जल भरकर यज्ञ स्थल की ओर लौट रही थीं। इसी दौरान सन्नी कुमार भी अपने दो दोस्तों के साथ कलश यात्रा से वापस आ रहा था। रेलवे ट्रैक पर सेल्फी लेना पड़ा जानलेवा कलश यात्रा से लौटते समय सन्नी अपने दोस्तों के साथ नदी पर बने रेलवे ओवरब्रिज पर चढ़ गया। बताया गया कि इसके बाद वह धनबाद–गया रेलवे लाइन पर खड़ा होकर मोबाइल फोन से सेल्फी लेने लगा। उसी समय अप लाइन से आ रही 12802 नई दिल्ली–पूरी पुरुषोत्तम एक्सप्रेस ट्रेन तेज रफ्तार से वहां पहुंच गई। ट्रेन को आते देख सन्नी संभल नहीं पाया और उसकी चपेट में आ गया। दो दोस्त बचे, गांव में पसरा मातम ट्रेन की जोरदार टक्कर से सन्नी कुमार का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथ मौजूद दो अन्य दोस्त किसी तरह ट्रैक से भागने में सफल रहे, जिससे उनकी जान बच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। बाद में पुलिस को भी जानकारी दी गई। हादसे के बाद पांडू गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में मातम पसर गया है।


