बठिंडा में रिंग रोड के पास स्थित पैरिस सिटी कॉलोनी के नजदीक एक युवक ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान विराट ग्रीन कॉलोनी निवासी 31 वर्षीय दलवीर सिंह के रूप में हुई है, जो कोऑपरेटिव सोसायटी में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात था। घटना की सूचना मिलते ही थाना कैनाल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें मृतक ने अपनी आत्महत्या का कारण मानसिक परेशानी बताया है। मानिसक रूप से बीमार था मृतक परिजनों ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि दलवीर सिंह कुछ समय से मानसिक बीमारी से पीड़ित था और उसका इलाज चल रहा था। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जानकारी देते हुए एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने बताया कि थाना कैनाल पुलिस को पैरिस सिटी कॉलोनी के पास खड़ी एक कार में युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर जांच के दौरान यह सामने आया कि युवक ने पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या की है। सुसाइड नोट में भी मानसिक बीमारी का ही जिक्र है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।


