अनूपपुर-वेंकटनगर मार्ग पर केशरवानी राइस मिल के पास सोमवार शाम एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक के पास खड़े तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक युवक की हालत नाजुक है, उसका पैर टूट गया है। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत वेंकटनगर पुलिस चौकी और एंबुलेंस 108 को सूचना दी। वेंकटनगर पुलिस चौकी प्रभारी प्रवीण साहू मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस आने के बाद तीनों घायलों को वेंकटनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जैतहरी स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया गया। पुलिस चौकी प्रभारी प्रवीण साहू ने बताया कि बाइक पर सवार तीनों युवक राजा मेहरा, सनी सिंह गोंड और सुशील कोल ग्राम छादा, थाना नरोजाबाद, जिला उमरिया के निवासी हैं। वे यहां मजदूरी करते हैं और दोपहर में पास के कदमसरा गांव स्थित मंदिर में दर्शन के लिए आए थे। कार चालक अनूपपुर से बिलासपुर की ओर जा रहा था। कार तेज रफ्तार में थी और मोड़ पर सड़क किनारे खड़ी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक बाइक समेत दूर जा गिरे। कार में सवार थे बुजुर्ग दंपती इस घटना में कार का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। मौजूद लोगों ने बताया कि कार में एक बुजुर्ग दंपती और एक बच्ची भी सवार थे। पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना देकर उन्हें चौकी में बैठाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


